भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए कई ऐसी ऐप्स बनाई हैं जो डिजिटल इंडिया को एक कदम आगे ले जाती हैं। हर भारतीय नागरिक को इन ऐप्स को अपने फोन में डाउनलोड कर रखना चाहिए। इनके जरिए यूजर्स को घर बैठे सरकारी सुविधाएं मिल जाएंगी। पासपोर्ट के लिए अप्लाई करना हो या फिर अपने डॉक्यूमेंट्स को स्टोर करना हो या फिर पीएफ से संबंधित कोई काम हो, ये सभी ऐप्स आपके बेहद काम आ सकती हैं। ये ऐप्स ग्रामीण परिवारों जैसे शिक्षकों, किसानों, महिलाओं, बच्चों आदि के लिए भी डिजाइन की गई हैं।
ये हैं टॉप 5 सरकारी ऐप्स की लिस्ट:
DigiLocker: इस ऐप में आप अपने सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स सेव कर रख सकते हैं। यह ऐप सभी आधार धारकों को उनके वेरिफाइड डॉक्यूमेंट्स जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, व्हीकल रजिस्ट्रेशन, अकादमिक मार्कशीट जैसे डॉक्यूमेंट्स को सेव करने की अनुमति देती है।
mParivahan: यह एक व्हीकल संबंधित ऐप है है जिसे नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर के तहत डिजाइन किया गया है। इसमें यूजर्स को क्षेत्रीय ट्रांसपोर्ट ऑफिस और व्हीकल्स की जानकारी मिलती है। साथ ही यह ऐप आम जनता को ड्राइविंग लाइसेंस के मॉक टेस्ट की सुविधा भी देती है। इसमें आपकाे नजदीकी आरटीओ की जानकारी भी मिल जाती है।
mPassport: यह पासपोर्ट संबंधित ऐप है। इसमें कॉनस्यूलर, पासपोर्ट और वीजा का डिविजन किया गया है। आम जनता के लिए यह पासपोर्ट सर्विस से संबंधित हर सवाल का जवाब देती है। साथ ही इससे आप आसानी से पासपोर्ट सेवा केंद्र और एप्लीकेशन ट्रैकिंग स्टेटस का पता लगा सकते हैं।
Umang: इस ऐप में एक नहीं बल्कि कई सरकारी सर्विसेज दी गई हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन के साथ मिलकर इस ऐप को बनाया गया है। यह ऐप लोकल से लेकर सेंटर तक की सभी सरकारी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध कराती है।
BHIM UPI: यह ऐप नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया द्वारा यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने बनाई है। इसके जरिए आप आसानी से किसी को भी ऑनलाइन पेमेंट कर सकते हैं। इसके लिए आप क्यूआर कोड स्कैन भी कर सकते हैं और MMID या IFSC के जरिए भी पेमेंट कर सकते हैं।