Salman Khan
India Daily

2023 में सबसे ज्यादा भारतीय पर्यटक पहुंचे मालदीव, जानें अन्य देशों के सैलानियों का क्या रहा आंकड़ा?

पीएम मोदी के लक्षद्वीप की यात्रा को लेकर मालदीव की एक महिला मंत्री और कुछ अन्य मंत्रियों के विवादित बयान ने एक नई बहस छेड़ दी है. सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने मालदीव के बहिष्कार की बात कही है. इस बीच हम आपको बता रहे हैं कि 2023 में मालदीव में सबसे ज्यादा पहुंचने वाले पर्यटकों में भारतीय सबसे ऊपर थे.

auth-image
Edited By: Om Pratap
Highest number of Indian tourists reached Maldives in 2023 know other countries figure
फॉलो करें:

हाइलाइट्स

  • 2021 की चौथी तिमाही में 1250 यात्रियों ने भरी उड़ान
  • मालदीव की मंत्री के बयान के बाद बहिष्कार का आह्वान

Highest number of Indian tourists reached Maldives in 2023: मालदीव के पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि दिसंबर 2023 तक मालदीव आने वाले पर्यटकों में भारतीय पर्यटक सबसे ज्यादा थे. आंकड़ों के मुताबिक, 13 दिसंबर तक मालदीव में कुल 17 लाख 57 हजार 939 पर्यटक पहुंचे, जो 2022 की तुलना में 12.6 प्रतिशत अधिक है. मालदीव आने वाले पर्यटकों में सबसे बड़ी संख्या भारत (2 लाख 09 हजार 198) से थी, इसके बाद रूस (2 लाख 09 हजार 146) और चीन (1 लाख 87 हजार 118) थे.

यूनाइटेड किंगडम से लगभग 1 लाख 55 हजार 730, जर्मनी से 1 लाख 35 हजार 090, इटली से 1 लाख 18 हजार 412, संयुक्त राज्य अमेरिका से 74 हजार 575, फ्रांस से 49 हजार 199, स्पेन से 40 हजार 462 और स्विट्जरलैंड से 37 हजार 260 पर्यटक मालदीव पहुंचे. आंकड़ों के मुताबिक, मालदीव पिछले कुछ वर्षों में पर्यटन स्थल के रूप में भारतीयों के लिए एक लोकप्रिय विकल्प बना है.

2018 में 51 हजार यात्रियों ने की यात्रा

2018 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 51,000 यात्रियों ने भारत और मालदीव के बीच सीधी उड़ानों से यात्रा की. 2019 में इसी तिमाही में ये संख्या 60,000 यात्रियों तक पहुंच गई. इसका मतलब है कि भारत और मालदीव के बीच हर दिन लगभग 700 लोगों ने यात्रा की.

भले ही कोरोना ने खेल बिगाड़ दिया, लेकिन 2020 की अक्टूबर से दिसंबर तिमाही में दोनों देशों के बीच 32,000 यात्री आए और गए. 2021 आते-आते, सभी रिकॉर्ड टूट गए. ये वो समय था, जब भारत कोरोना की दूसरी लहर से उबर चुका था. उधर, मालदीव ने भी प्रतिबंधों के साथ पर्यटकों का स्वागत करना शुरू कर दिया था.

2021 की चौथी तिमाही में 1250 यात्रियों ने भरी उड़ान

2021 की चौथी तिमाही में बंपर 1.15 लाख यात्रियों ने भारत से मालदीव के लिए सीधी उड़ानों से उड़ान भरी, जिसका औसत प्रतिदिन 1250 यात्री है. हालांकि 2022 में इसमें गिरावट आई क्योंकि दुनिया के अन्य देशों में कोरोना प्रतिबंध हट गए और भारतीयों ने मालदीव के अलावा अन्य देशों के लिए भी उड़ान भरनी शुरू कर दी.

मालदीव की मंत्री के बयान के बाद बहिष्कार का आह्वान

इस सप्ताह की शुरुआत में सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मालदीव की एक मंत्री समेत मालदीव के कुछ लोगों की ओर पीएम मोदी को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की गई. इसके बाद कई भारतीय मशहूर हस्तियों और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स ने मालदीव और उसके पर्यटन स्थलों के बहिष्कार की अपील कर दी. दरअसल, इसकी शुरूआत पीएम मोदी की हालिया लक्षद्वीप यात्रा से हुई. पीएम मोदी की यात्रा को लेकर मालदीव की मंत्री ने अपमानजनक टिप्पणी की थी.

अपनी यात्रा के दौरान, पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और लक्षद्वीप के खूबसूरत समुद्र तटों पर भी पहुंचे. स्नॉर्कलिंग करते हुए मोदी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं और एक्स पर टॉप ट्रेंडिंग में रहीं.